शहर के हुड्डा ग्राउंड में गैस सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को सोमवार को राहत नहीं मिली। सुबह पांच बजे से लेकर ढाई बजे तक इंतजार करने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिली। इससे आहत होकर उपभोक्ताओं ने गोहाना रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने जाम खुलवाया। हुड्डा ग्राउंड में पारस गैस एजेंसी के सिलिंडर वितरित होते हैं। कुछ उपभोक्ता पिछले तीन दिन से लगातार आ रहे हैं, लेकिन सिलिंडर नहीं मिल रहे। लोगों ने बताया कि वह पांच बजे सुबह लाइन में लगे थे, लेकिन ढाई बजे तक भी किसी को सिलिंडर नहीं मिला। गैस एजेंसी के कर्मचारी उनके साथ बात भी नहीं कर रहे। इसको लेकर उपभोक्ताओं में रोष बढ़ गया। महिलाओं ने बताया कि वह सुबह खाना भी खाकर नहीं आई थी कि जल्दी सिलिंडर लेकर वापस चली जाएंगी, लेकिन अब तक उनको सिलिंडर नहीं मिला। घर पर छोटे बच्चे इंतजार कर रहे हैं। इससे आहत महिलाओं व पुरुषों ने प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की। घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी पूजा देवी मौके पर पहुंची और सिलिंडर दिलवाने का आश्वासन देकर शांत किया।