नगर परिषद ने शहर में अतिक्रमण को लेकर सोमवार से अपना अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को शहर के आम्बेडकर चौक से लेकर पुराने तहसील रोड तक अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर पड़े सामान और बोर्ड को जब्त कर लिया गया। कुछ लोगों ने बोर्ड उठाने का विरोध भी किया, लेकिन नगर परिषद कर्मी उसे उठाकर ले गए। नगर परिषद कर्मियों ने आम्बेडकर चौक से छिकारा चौक, मेडिकल रोड और उसके बाद पुराना तहसील रोड पर अभियान चलाया। अभियान के बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया और उन्होंने बाहर रखा सामान उठाना शुरू कर दिया। दो दिन पहले की थी मुनादी नगर परिषद कर्मियों ने दो दिन पहले शहर में मुनादी करवाई थी, जिसमें शहर के सभी बाजार में घूमकर दुकानदारों को अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई थी। इसके बाद भी दुकानदार नहीं माने तो आज सामान को जब्त कर लिया गया। नगर परिषद कर्मियों का कहना हैं कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।