अंतरराष्ट्रीय ट्रैफिक लाइट दिवस के अवसर पर थाना यातायात बहादुरगढ़ द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों और आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के तहत थाना यातायात प्रबंधक सतीश कुमार ने सेक्टर-6 मोड़ और झज्जर मोड़ पर राणा प्रताप स्कूल के विद्यार्थियों को ट्रैफिक लाइट के महत्व और उसके नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लाल बत्ती रुकने, पीली बत्ती सावधान होकर रुकने की तैयारी करने तथा हरी बत्ती आगे बढ़ने का संकेत देती है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक का ट्रैफिक नियमों का पालन करना आवश्यक है। विद्यार्थियों से उन्होंने स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। सड़क सुरक्षा संगठन के वरिष्ठ सदस्य सतीश शर्मा ने बताया कि 5 अगस्त 1914 को अमेरिका में दुनिया का पहला इलेक्ट्रिक ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम स्थापित किया गया था, जिसकी स्मृति में हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय ट्रैफिक लाइट दिवस मनाया जाता है। उन्होंने लोगों से ट्रैफिक संकेतों का सम्मान करने और सड़क सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर हवलदार रोहित, सिपाही बिजेंद्र और होमगार्ड सुमित भी उपस्थित रहे।