गांव खेड़ी सुल्तान की बेटी शीतल चौहान ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 402वीं रैंक हासिल कर जिले और गांव का नाम रोशन किया है। शीतल चौहान ने तीसरे प्रयास में यह बड़ी सफलता हासिल कर अपनी मेहनत और लगन से नया इतिहास रच दिया। वहीं शीतल की मां ने भी बेटी की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि उनकी बेटी ने परिवार का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां किसी भी मामले में बेटों से कम नहीं हैं और यदि उन्हें अवसर और समर्थन मिले तो वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। शीतल चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता,शिक्षकों और निरंतर मेहनत को दिया है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि अगर पूरी लगन और मेहनत के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ा जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। ग्रामीणों का कहना है कि शीतल ने अपनी कड़ी मेहनत से यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मन में दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। गांव की बेटियों के लिए शीतल चौहान एक प्रेरणा बनकर उभरी हैं। शीतल चौहान के पिता प्रमोद चौहान ने बेटी की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बच्चों को आगे बढ़ाने में माता-पिता का सहयोग बहुत जरूरी होता है। यदि अभिभावक अपने बच्चों को सही मार्गदर्शन और सहयोग दें तो वे जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।