बहादुरगढ़। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेशभर में जारी राज्यव्यापी हड़ताल के तहत शुक्रवार को बहादुरगढ़ नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल नौवें दिन भी जारी रही। कर्मचारी 6 अगस्त से हड़ताल पर हैं। संगठन ने हड़ताल को बढ़ाकर 15 अगस्त तक करने का फैसला लिया है। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारियों व अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, उच्च न्यायालय व सर्वोच्च न्यायालय के फैसलों को लागू करना, एचकेआरएन को भंग करना तथा 17 मांगों पर सरकार और कर्मचारी नेताओं के बीच बनी सहमति का पत्र जारी करना शामिल है। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार ने अभी तक इस संबंध में कोई पत्र जारी नहीं किया और न ही संगठन को बातचीत के लिए बुलाया है। बहादुरगढ़ इकाई के धरने की अध्यक्षता प्रधान राजेश बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। इस दौरान जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड, कैशियर मुकेश दरोगा, वरिष्ठ उप प्रधान लीला राम, महिला उप प्रधान ऊषा देवी, सह सचिव होशियार सिंह दरोगा, ऑडिटर सुनील, प्रचार सचिव सरोज, जिला ऑडिटर संदीप टॉक, इंद्रमल, जय भगवान, सुनीता, जिला सदस्य सोनू, पूर्व कैशियर संदीप, नन्दराम दरोगा, कुलदीप दरोगा, सफाई कर्मचारी भीम सिंह, बिटु, प्रीतम, मनजीत, विक्रांत, अमन, कांता, प्रमिला, ऊषा और अनीता सहित वेतन-पटल से जुड़े सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।