दिवाली पर्व को लेकर बादली क्षेत्र में घरों में पेंट-पुताई का काम तेज हो गया है। लोग समय पर काम पूरा कराने के लिए पेंटरों की एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। दिवाली से पहले घरों को नया रूप देने की परंपरा के चलते पेंट, प्राइमर, पुट्टी और ब्रश की बिक्री में इजाफा हुआ है। बाजार में हार्डवेयर दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। पेंटरों की मांग बढ़ने से मजदूरों की कमी भी महसूस की जा रही है। कारीगर चतर सिंह का कहना है कि एक सप्ताह तक लगातार काम का दबाव रहेगा। मकान मालिक जोगेंद्र ने बताया कि एक महीना पहले ही बुकिंग करा ली थी, ताकि त्योहार से पहले काम पूरा हो सके। मकान मालिकों के अनुसार, साफ-सुथरे और रंगे-पुते घर में लक्ष्मी पूजन का विशेष महत्व है, इसलिए दिवाली से पहले पुताई जरूरी है।