झज्जर शहर व अच्छेज-पहाड़ीपुर में हुई मुठभेड़ मामले को लेकर रविवार को गांव डीघल की पुरानी गोशाला के पास कम्युनिटी सेंटर में अहलावत 27 खाप की पंचायत हुई। पंचायत की अध्यक्षता अहलावत खाप के प्रधान जय सिंह अहलावत ने की। पंचायत में अलग-अलग गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपने विचार रखे। पंचायत के प्रधान जयसिंह अहलावत ने बताया कि रविवार को हुई पंचायत में यह फैसला हुआ है कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए। अगले एक सप्ताह तक परिवार को न्याय नहीं मिला तो एक हफ्ते बाद पंचायत दोबारा होगी। अगली पंचायत की अध्यक्षता दहिया खाप करेंगी। पुलिस ने लड़कों को नहीं छोड़ा तो पंचायत बैक गियर नहीं लेगी। पंकज के पिता आनंद सिंह ने कहा कि हम इतना नहीं झुकेंगे कि हमारा सम्मान चला जाए। पंचायत को संबोधित करते हुए पंकज के भाई प्रदीप अहलावत ने बताया कि पंकज अपने दोस्त संदीप वकील के साथ होटल में खाना खाने गया था, लेकिन वहां बिरधाना के 5- 6 लोग थे, जिनके साथ उनका झगड़ा हुआ था। जैसे ही पंकज वहां से जाने लगा तो इसके बाद से ही एक गाड़ी पंकज के पीछे लग गई। उसे नहीं पता था कि वो पुलिस वाले हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने पहाड़ीपुर गांव के रोहित और एक युवक को भी हिरासत में लिया है। दोनों उस समय अपनी ड्यूटी से लौट रहे थे। उन दोनों लड़कों को छोड़ा जाए। इसके अलावा पंकज को भी पंचायत के हवाले किया जाए। अगर बाद में जरूरत हुई तो खाप अपने हिसाब से बाद में पंकज को पेश कर देगी। पंचायत में पहाड़ीपुर गांव के लोग भी पहुंचे।