वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय, बहादुरगढ़ की एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समापन समारोह में ब्रह्मशक्ति संजीवनी हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मनीष शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि भगत सिंह मैत्री संस्था के प्रधान प्रदीप यादव विशिष्ट अतिथि तथा महाविद्यालय के अतिरिक्त उपाध्यक्ष राजपाल शर्मा ने अध्यक्षता की। बीए द्वितीय वर्ष की खुशी, मोनिका व ज्योति को बेस्ट वालंटियर चुना गया। प्रोत्साहन पुरस्कार श्वेता, सिमरन, चंचल, वर्षा व यशस्वी को दिए गए। प्राचार्या डॉ. राजवन्ती शर्मा ने कहा कि शिविर से स्वयंसेविकाओं में नेतृत्व, सहयोग व सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई। शिविर के माध्यम से ग्रामवासियों को स्वच्छता, साक्षरता, नशामुक्ति, साइबर क्राइम, सड़क सुरक्षा, भाईचारा व नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. मनीष शर्मा ने छात्राओं के कार्यों की सराहना की। प्रदीप यादव ने देशभक्ति की प्रेरणा दी। राजपाल शर्मा ने राष्ट्रप्रेम व नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। शिविर में कार्यशालाओं की प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक, नारी सशक्तिकरण पर कविता, एकल नृत्य व एन.एस.एस. समूह गीत प्रस्तुत किए गए। सात दिवसीय रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और उत्कृष्ट स्वयंसेविकाओं को सम्मानित किया गया। अंत में डॉ. नैना फोगाट ने धन्यवाद ज्ञापित किया और राष्ट्रीय गीत के साथ शिविर का समापन हुआ।