कानून व्यवस्था पर नजर रखने और आमजन में विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से झज्जर पुलिस और रेपिड एक्शन फोर्स ने संयुक्त रूप से रूट मार्च निकाला। नई दिल्ली से आई रैपिड एक्शन फोर्स की सी 194 की टीम ने कमांडेंट किशोर कुमार के दिशा-निर्देशन में सहायक कमांडेंट राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस के साथ मिलकर आयोजित किया। रूट मार्च शहर और कस्बे के विभिन्न थाना क्षेत्रों में निकाला गया। इस दौरान पुलिस व आरएएफ जवानों ने मुख्य बाज़ारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा बलों की संयुक्त मौजूदगी से लोगों में विश्वास का माहौल बना। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के रूट मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, आम जनमानस में सौहार्द का वातावरण बनाए रखना है। इस मौके पर दुजाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार, बेरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश कुमार अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।