अनाज मंडी में सरसों और गेहूं खरीद सीजन शुरू होने से पहले ही व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आ रही है। मंडी परिसर में जगह-जगह कूड़ा-कचरा फैला हुआ है और नालों का गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध उठ रही है। ऐसे हालात में किसानों और आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 28 मार्च से सरसों और 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होनी है, लेकिन मंडी में अभी तक कोई ठोस तैयारी दिखाई नहीं दे रही। मंडी में सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था नहीं है, जिससे सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा किसानों और मजदूरों के लिए कैंटीन या पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी कमी बनी हुई है। किसानों और व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की है।