रोहतक लोकसभा क्षेत्र से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने चुनाव नतीजों को लेकर भूपेंद्र हुड्डा पर लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि प्रदेश के चुनाव के नतीजों पर सभी अचंभित हैं और चुनाव नतीजों का हम गहराई से विश्लेषण कर रहे हैं। वह शनिवार को श्री प्राचीन रामलीला कमेटी की तरफ से आयोजित दशहरा उत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे। यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए ईवीएम को लेकर सांसद ने कहा कि लगभग 20 विधानसभा क्षेत्रों से ईवीएम को लेकर बातें सामने आ रही हैं। ईवीएम को लेकर हमने चुनाव आयोग के सामने अपनी बात को रखा है। पार्टी चुनाव आयोग के जवाब का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के छल-कपट के बावजूद भी कांग्रेस ने भाजपा के बराबर मत प्रतिशत प्राप्त है। प्रजातंत्र में हमारी जो भूमिका रहेगी, उसे अच्छे से निभाएंगे और प्रदेश के लोगों की आवाज उठाने का काम करेंगे।