विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शहर के ब्रह्मशक्ति अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं का उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने पहुंचकर रक्तदान किया। शिविर के दौरान अब तक 100 से अधिक रक्तदाता रक्तदान कर चुके हैं। रक्तदाताओं की लगातार बढ़ती भागीदारी के चलते आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल बना हुआ है। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम रक्तदाताओं की जांच और रक्त संग्रह की प्रक्रिया में जुटी हुई है। ब्नह्मशक्ति अस्पताल के डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान देने की अपील की। रक्तदान शिविर शाम पांच बजे तक जारी रहेगा और रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जा रहा है।