भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से मंगलवार सुबह ही 12वीं कक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया। खास बात रही कि विज्ञान संकाय में इस बार सरकारी स्कूल की बेटी पूनम ने बाजी मारी। गांव गंगवा स्थित पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की बेटी पूनम ने कुल 500 में से 491 अंक लेकर प्रदेश स्तर पर समस्त सरकारी स्कूलों में विज्ञान संकाय में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, जिला स्तर पर विज्ञान संकाय में ओवरऑल प्रथम रही। इसी प्रकार उपरोक्त स्कूल की बेटी मीनाक्षी ने वाणिज्य संकाय में 490 अंक लेकर जिला स्तर पर अव्वल रही। दोनों सरकारी स्कूल की बेटियों का परिणाम जारी होने के बाद डीईओ कार्यालय की ओर से उपरोक्त स्कूल के प्राचार्य जयभगवान वर्मा सहित स्टाफ को बधाई देने का तांता लगना शुरू हो गया। वहीं, कला संकाय में गांव बनबौरी स्थित एसआरएम जय माता सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा अंशू रानी ने 491 अंक प्राप्त कर जिला स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया।