हांसी। हांसी में नेहरू कॉलेज के नजदीक झंडेवाला मंदिर के पास एक मकान में चल रही फर्नीचर की दुकान में आग लगने से करीब 4 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने से दुकान में रखा लकड़ी का सामान, तैयार किए गए दरवाजे-खिड़कियां, मशीनें और छोटे उपकरण जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से मकान की लकड़ी की दो छतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। फायर ब्रिगेड ऑपरेटर राहुल ने बताया कि जगदीश नामक व्यक्ति मकान के बाहर बनी दुकान में लकड़ी के दरवाजे और अन्य फर्नीचर बनाने का काम करता था। इसी दौरान दुकान के अंदर आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने करीब 15 से 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया। आग से मकान और दुकान में रखे सामान सहित लगभग 4 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।