पुलिस ने अंबाला से पूजा कर लौट रहे एक परिवार का पीछा कर, उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर लूट व हमले का प्रयास करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी टोहाना उमेद ने बताया की शिकायतकर्ता बिट्टू कुमार निवासी नथुवाल ने पुलिस को बताया कि 18 जनवरी 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ अंबाला से पूजा करवाकर अपनी होंडा सिटी कार (HR 26 CP 3964) से लौट रहा था। छोटी म्योंद के पास दो संदिग्ध गाड़ियों (स्विफ्ट और अल्टो) ने उनका पीछा करना शुरू किया। आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए पीड़ित की गाड़ी को टक्कर मारी, जिससे उनकी कार बिजली के खंभे से टकरा गई। हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला किया और गाड़ी में मौजूद महिलाओं के साथ बदसलूकी व लूट का प्रयास किया। पीड़ित परिवार द्वारा शोर मचाने पर गांव वाले इकट्ठा हो गए, जिसे देखकर आरोपी अपनी गाड़ियों सहित मौके से फरार हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए जाखल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। मामले में हरकीरत सिंह उर्फ सावा पुत्र सुरेंद्र सिंह (निवासी धारसूल कलां, फतेहाबाद और गुरलाल सिंह उर्फ विक्की पुत्र दलवीर सिंह (निवासी रसीदां, जिला जींद) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद कर ली है।