नागरिक अस्पताल में बुधवार को वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ.बुधराम ने टीम के साथ सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार भी साथ रहे। एसएमओ ने ठेकेदार को ओपीडी कक्षों में कमियां दिखाते हुए कहा कि छोटे-छोटे कामों की वजह से न ओपीडी शिफ्ट हो पा रही है न ही कार्यालय। मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।आपातकाल वॉर्ड करीब 25 दिन से ब्लड बैंक में चल रहा है, यहां प्लंबर का काम भी पूरा नहीं हुआ है और न ही दरवाजे लगे हैं। एसएमओ ने ठेकेदार को ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष, आपातकाल वॉर्ड और डेंटल सर्जन ओपीडी विभाग जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। एक्सरे कक्ष में बिजली संबंधित काम पूरे न होने के कारण सुविधा बुधवार को भी शुरू नहीं हो पाई।