गांव रोझावाली के पास भाखड़ा नहर में शुक्रवार को तीन अलग-अलग हादसों में बहे तीन युवकों की तलाश के लिए शनिवार को एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। पुलिस की सूचना पर हिसार से राजेश कुमार के नेतृत्व में आई 6 सदस्यीय एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर नहर के तेज बहाव में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को रतिया क्षेत्र में तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे, जिनके नहर में डूबने की आशंका है। पहले मामले में गांव ब्राह्मणवाला का अमनदीप सिंह (19) जिम से स्कूटी पर लौटते समय लापता हुआ। नहर किनारे उसकी स्कूटी, मोबाइल और चप्पल मिले हैं। दूसरी घटना में, गांव खेड़ा का गगनदीप सिंह (18) अपने दोस्तों के साथ रोझावाली के पास नहर में नहाते समय संतुलन बिगड़ने से बह गया। वह रतिया में कंप्यूटर कोर्स करता था। तीसरे हादसे में, गांव निकुवाना का मनजीत सिंह (36) धूंदड़वास के पास नहर में नहाने उतरा और तेज बहाव की चपेट में आ गया। तीनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें नाव व गोताखोरों की मदद से लगातार नहर के अलग-अलग हिस्सों में युवकों की खोजबीन में जुटी हैं।