एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने मंगलवार को तहसील कॉम्प्लेक्स की सफाई व जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया और पानी निकासी के उचित प्रबंध करने के लिए दिशा निर्देश दिए। उन्होंने शहर के अनेक क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश का पानी प्रवेश करने व तहसील कार्यालय में जल निकासी की समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को बारिश के पानी की निकासी के लिए तत्काल कार्रवाई करने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहर में किसी स्थान पर पानी इकट्ठा न हो, इसके उचित प्रबंध किए जाएं। शहर में जहां जलभराव की स्थिति बने वहां पंप आदि लगाकर पानी की निकासी करें और नालों की सफाई करवाना सुनिश्चित करें। एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने यह भी कहा कि अगर ज्यादा बरसात से शहरी क्षेत्र में पानी इकट्ठा होता है तो संबंधित विभाग तुरंत उस पर एक्शन लेते हुए पानी निकासी के प्रबंध सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि तहसील परिसर के मुख्य गेट पर बारिश के पानी का रिसाव तहसील में न हो इसके लिए उचित प्रबंध किये जाएं।