थाना सदर रतिया पुलिस ने कबड्डी खिलाड़ी की हत्या के मामले में आरोपी नाबालिग को जांच में शामिल किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त नुकीली कैंची भी बरामद कर ली है। थाना सदर रतिया में वीरवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। थाना सदर रतिया के प्रभारी उपनिरीक्षक शिशपाल ने बताया कि 09 जुलाई 2026 को शाम करीब 7:30 बजे अरमान गांव के चौक में पेटीज खाने गया था। वहां उसकी एक नाबालिग लड़के से कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान नाबालिग अपने पिता जरनैल सिंह की दुकान से नुकीली कैंची ले आया। उसने अरमान की छाती पर हमला कर दिया। घायल अरमान को नागरिक अस्पताल रतिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक अरमान एक प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी था। आरोपी नाबालिग भी कबड्डी खेलता था। दोनों के बीच खेल को लेकर आपसी प्रतिस्पर्धा और द्वेष था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।