शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला नगर आयुक्त (डीएमसी) ने नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर शिव नगर और नहर कॉलोनी का दौरा किया। इस दौरान डीएमसी ने स्थानीय महिलाओं से सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। महिलाओं ने बताया कि गलियों में बेसहारा पशुओं का जमावड़ा रहता है, जो घरों के आगे गोबर कर देते हैं, जिससे गंदगी फैलती है। इस पर डीएमसी ने सुझाव दिया कि घरों के आगे गीला कचरा न फेंका जाए, क्योंकि यह पशुओं को आकर्षित करता है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान पहले से ही चल रहा है।डीएमसी ने शिव नगर में डोर-टू-डोर कचरा उठान की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि कचरा उठाने वाली गाड़ी नियमित रूप से आ रही है, लेकिन खाली प्लॉटों में फैली गंदगी की समस्या का समाधान किया जाए। इस पर डीएमसी ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाली प्लॉटों के मालिकों को नोटिस जारी किए जाएं ताकि वहां सफाई सुनिश्चित हो सके।