टी 20 विश्व कप का खुमार लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है जिसके चलते शहर के लोगों में रविवार शाम को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी 20 विश्वकप फाइनल को लेकर रोमांच बना हुआ है। भारतीय टीम के समर्थक और क्रिकेट प्रेमी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे है। क्रिकेट प्रेमी चंद्र ने बताया कि अहमदाबाद का स्टेडियम भारत की टीम के लिए अनलकी रहा है, लेकिन अबकी बार भारत की टीम जीतकर इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि भारत की टीम ने जबरदस्त खेल दिखाया है जिससे पूरा विश्वास है कि भारत की टीम न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार विश्व चैंपियन बनेगी। भारतीय टीम की ओर से विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी और जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी के चलते फाइनल में प्रवेश पाया है अब फाइनल में अभिषेक शर्मा भी अपनी तूफानी बल्लेबाजी से किवीस को धराशायी करने का काम करेंगे। संजय सैनी ने बताया कि भारत की टीम रविवार को होने वाले फाइनल को जीतकर ट्रॉफी अपने घर में रखने का काम करेगी जिससे तीन बार विश्वकप जीतने वाली पहली टीम होगी। भारतीय टीम के उप कप्तान अक्षर पटेल अपनी बल्लेबाजी व क्षेत्ररक्षण के कारण अच्छा प्रदर्शन कर रहे है। कमल गुप्ता ने कहा कि इस फाइनल मैच में भारतीय टीम के साथ 140 करोड़ हिंदुस्तानियों की दुआएं होगी जिससे पूरी उम्मीद है कि भारतीय टीम इस फाइनल को जीतकर अनेक रिकॉर्ड कायम करने का काम करेगी। इस मैच लेकर क्षेत्रवासियों में पूरी खुशी व जोश है।