शहर के मुख्य बाजार में अवैध पार्किंग और लगातार बनते जाम के हालात से निपटने के लिए फतेहाबाद शहर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस को विशेष टो-इंग क्रेन मिल गई है, जिसके साथ आज से मुख्य बाजार में अभियान की शुरुआत कर दी गई है। अब यदि कोई भी वाहन चालक मुख्य बाजार या नो-पार्किंग ज़ोन में अवैध रूप से गाड़ी खड़ी करता है, तो पुलिस कर्मचारी मौके पर ही चालान काटने के साथ-साथ क्रेन की मदद से गाड़ी उठाकर सीधे पुलिस थाने ले जाएंगे। यातायात पुलिस के प्रभारी जय सिंह के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना और आम जनता को रोजाना लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाना है। पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों व आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।