फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में जल्द ही अमृत फार्मेसी शुरू होने जा रही है। फार्मेसी के शुरू होने के बाद अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को 24 घंटे दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी। खास बात यह है कि अमृत फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को बाजार की तुलना में कम कीमत पर दवाइयां उपलब्ध करवाने की योजना है। अमृत फार्मेसी शुरू करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सोमवार को सीएमओ डॉ. बुधराम और एसएमओ डॉ सुभाष ने नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रस्तावित फार्मेसी के लिए निर्धारित स्थल का जायजा लिया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान फार्मेसी संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों ने चर्चा की। अमृत फार्मेसी शुरू होने से नागरिक अस्पताल में उपचार करवाने वाले मरीजों को दवाइयों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में भर्ती मरीजों के अलावा ओपीडी में आने वाले मरीजों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। 24 घंटे फार्मेसी खुली रहने से रात के समय इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को भी दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार फार्मेसी में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फार्मेसी के संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों का कहना है कि अमृत फार्मेसी शुरू होने से मरीजों को अस्पताल परिसर में ही दवाइयां मिल सकेंगी। इससे उन्हें दवा खरीदने के लिए निजी मेडिकल स्टोरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय के साथ उनके खर्च में भी कमी आएगी।