रेवाड़ी-हिसार रेलमार्ग पर चरखी दादरी जिले के घिकाड़ा गांव के समीप पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से घिकाड़ा गांव निवासी चचेरे भाइयों की मौत हो गई। मृतक संदीप (38) शादीशुदा था जबकि छोटा चचेरा भाई मनदीप (30) अविवाहित था। दादरी जीआरपी पुलिस टीम ने नागरिक अस्पताल में दोनों के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए। जीआरपी चौकी प्रभारी एसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह संदीप और मनदीप घर से खेत का नाम लेकर गए थे। वहां उन्होंने धान में पानी दिया और इसके बाद एक ही रेलवे ट्रैक पर आमने-सामने बैठ गए। उसी दौरान दोनों ट्रैक पर ट्रेन आ गई। संदीप और मनदीप का ध्यान दूसरे ट्रैक पर आ रही मालगाड़ी की तरफ तो चला गया, लेकिन उनके ट्रैक पर आ रही पैसेंजर ट्रेन को वो नहीं देख पाए। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एसआई कृष्ण ने बताया कि मृतकों के चाचा रमेश व सुरेंद्र के बयान पर इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की गई है।