दादरी जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर वीरवार सुबह एचटेट परीक्षा शुरू हुई। सुबह आठ से 9 बजे तक पहली पाली के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश मिला। वहीं, परीक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा और प्रत्येक केंद्र पर 10 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे। बता दें कि वीरवार को सुबह और शाम की पाली में एचटेट लेवल-2 व 1 की परीक्षा आयोजित होगी। वीरवार को कुल 7071 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दूसरे दिन सुबह के सत्र में सभी 17 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी जबकि शाम के सत्र में 7 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास 500 मीटर के क्षेत्र में फोटोस्टेट की दुकानों, जेरोक्स, नकल और प्रसारण गतिविधियों के संचालन पर प्रतिबंध है। वहीं, जिला प्रशासन ने सभी कोचिंग संस्थान भी बंद करवाए हैं।