हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर कौशल रोजगार निगम कर्मचारियों की मांगों को लेकर मंगलवार को तीसरे दिन भी धरना जारी रहा। यह धरना कार्यकारी अभियंता जनस्वास्थ्य विभाग मंडल चरखी दादरी कार्यालय में ब्रांच प्रधान देवेंद्र भागवी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जबकि धरने का संचालन ब्रांच सचिव सतवीर लहरी ने किया। धरने के समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा जिला चरखी दादरी के प्रधान यशपाल पैंतावास एवं हेमसा राज्य उप महासचिव विजय लांबा विशेष रूप से पहुंचे और कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया। धरने को संबोधित करते हुए हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल यूनियन-41 के जिला प्रधान सतबीर सरोहा ने कहा कि जब तक कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों को अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाता, तब तक धरना लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों को 58 वर्ष की जॉब सुरक्षा की गारंटी की घोषणा की गई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा आज तक रोजगार सुरक्षा से संबंधित कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया। इससे कर्मचारियों में असंतोष और असुरक्षा की भावना बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले आंदोलन को और अधिक व्यापक व मजबूत किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार एवं संबंधित विभाग की होगी।