प्रदेश सरकार द्वारा गत दिसंबर माह में निलंबित किए गए छह पटवारियों की बहाली की मांग को लेकर पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा द्वारा जारी धरना व प्रदर्शन मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर प्रदेश भर के सभी जिला मुख्यालयों पर समस्त पटवारी एवं कानूनगो 6 पटवारियों के निलंबन के विरोध स्वरूप गत शुक्रवार से धरने पर बैठे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को दादरी जिले की दोनों तहसीलों दादरी एवं बाढ़डा तथा उप-तहसील बौंद कला के पटवारी एवं कानूनगो धरने पर रहे। एसोसिएशन के जिला प्रधान कुलबीर सांगवान ने कहा कि जब तक सरकार सभी 6 निलम्बित पटवारियों को बहाल करने के लिखित आदेश जारी नहीं कर देती, तब तक उनका धरना राज्य कार्यकारिणी के मार्गदर्शन में निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि 6 निलम्बित पटवारियों को बहाल करने के अलावा उनकी एसोसिएशन की मुख्य मांग पटवारियों की तर्ज पर कानूनगो को भी तीन वेतन वृद्धियों का लाभ देना, नवनियुक्त पटवारियों के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा का नोटिफिकेशन जारी करना व रोवर मशीन से पैमाईश के लिए कानूनगो को पूर्ण प्रशिक्षण देना शामिल है। जिला सचिव प्रतीक जांघू ने कहा कि 6 पटवारियों का कोई दोष नहीं है क्योंकि पटवारियों के साथ-साथ भी राजस्व अधिकारियों द्वारा उनका सत्यापन किया गया है और जलभराव के कारण प्रत्येक खसरा नम्बर पर फोटो लिया जाना संभव नहीं था।