शहर के गांधीनगर में सीवर लाइन बिछाने के नाम पर तीन महीने पहले उखाड़ी गई मुख्य सड़क की हालात काफी दयनीय बनी हुई है। सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे दुपहिया वाहन चालकों के लिए हादसों का सबब बने हुए हैं। वहीं घरों व दुकानों के सामने भरा दूषित पानी परेशानी का कारण बना हुआ हैं। स्थानीय लोगों का कहना हैं कि सड़क को ठीक करने के लिए कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया गया है, लेकिन लंबा समय गुजर जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन से अधर में छोड़े गए कार्य को जल्दी से पूरा करने की मांग की हैं, ताकि वार्डवासी राहत की सांस ले सके। क्या कहते हैं स्थानीय निवासी लगभग 10 दिन से कोई भी श्रमिक काम करते हुए नहीं देखा गया है। वहीं बिछाई गई सीवर लाइन का कनेक्शन भी मैनहोल से नहीं हो पाया है। जिसके कारण सीवर मैनहोल से निकला दूषित पानी सड़क के बीच भर जाता है। वहीं यहां से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालक व राहगीरों का संतुलन बिगड़ने से गिर कर घायल होते रहते हैं।