26 जनवरी को दादरी जिले में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जिले के आला अधिकारियों ने रविवार को कार्यक्रम स्थलों पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। खास बात यह है कि कार्यक्रम स्थल पर साज-सज्जा भी इस अनुरूप की गई हैं कि दूर से ही तिरंगे की झलक नजर आएगी और लोगों के मन में देशभक्ति का जुनून उमड़ेगा। उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस समारोह का नई अनाज मंडी परिसर में भव्य आयोजन किया जा रहा है। लोकसभा सांसद चौ. धर्मबीर सिंह समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और मार्चपास्ट की सलामी लेंगे। इस मौके पर उपस्थित जनसमूह के समक्ष मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। दादरी के अलावा उपमंडल स्तर पर बाढड़ा अनाज मंडी में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। यहां विधायक उमेद पातुवास राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके अलावा दादरी जिले की शिक्षण संस्थाओं व अन्य संस्थान में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर दादरी के रोज गार्डन को भी सजाया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्य अतिथि सांसद धर्मबीर सिंह रोज गार्डन में स्थित शहीद स्मारक पर पहुंच कर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।