दादरी जिले के गांव छपार में एक पुराने मकान को तोड़ने के दौरान तीन ग्रेनेड मिलने और बाद में इन ग्रेनेड को जोहड़ व पीएचसी के समीप झाड़ियों में फेंकने की सूचना पर दादरी जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड़ में है। रविवार को दादरी सदर थाना पुलिस और रेवाड़ी से पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने छपार में झाड़ियों व जोहड़ में ग्रेनेड को ढूंढने के लिए अभियान चलाया। लेकिन दोनों जगहों पर पानी अधिक होने के कारण अभी ग्रेनेड ढूंढने में सफलता नहीं मिल सकी है। अब सिंचाई विभाग की ओर से दोनों जगहों पर बड़ी-बड़ी मोटरें लगाकर पानी की निकासी करवाई जा रही है। पानी की निकासी के बाद पुलिस टीमों द्वारा दोबारा अभियान चलाया जाएगा। रविवार को दादरी सदर थाना प्रभारी एसआई सतबीर सिंह के नेतृत्व में टीमें गांव छपार में पहुंची। यहां टीमों द्वारा झाड़ियों को कटवाकर करीब दो घंटे तक अभियान चलाया गया लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। अब सिंचाई विभाग द्वारा मोटरें लगाकर पानी निकासी शुरू करवा दी गई है।