दादरी गैरबाद सेक्टर क्षेत्र से एवीटी स्टाफ ने कबीर नगर निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास मिले बैग से 5 देसी पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद हुए। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था और उसका साथी पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया। शहर के कबीर नगर निवासी आरोपी रोहित माजरिया से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। शनिवार को डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज सिंह ने एवीटी स्टाफ कार्यालय में पत्रकारवार्ता कर आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दादरी एवीटी स्टाफ को गुप्त सूचना मिले थी कि गैरआबाद सेक्टर में कबीर नगर निवासी रोहित उर्फ माजरिया अपने साथी के साथ अवैध हथियार लिए खड़ा था और किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। इस आधार पर टीम वहां पहुंची। एवीटी स्टाफ को देखकर एक आरोपी फरार हो गया जबकि रोहित उर्फ माजरिया गिरफ्त में आ गया। उसके पास से बैग बरामद हुआ, जिसे खोलकर देखने पर 5 देसी पिस्तौल और 11 कारतूस मिले। एक देसी पिस्तौल मैगजीन वाला है।