बहल से भिवानी रोड पर शुक्रवार देर शाम पशु सामने आने से एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दादरी जिले के गांव बादल निवासी करीब 65 वर्षीय राजबीर सिंह की मौत हो गई। शनिवार को दादरी के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। बता दें कि गांव बादल निवासी राजबीर सिंह गुरुवार को अपने नाती लक्की को उसके अभिभावकों के पास छोड़ने के लिए बाइक पर सवार होकर बहल गया था। शुक्रवार शाम को वह अकेला बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव बादल आ रहा था। इस दौरान जब वह बहल से भिवानी रोड पर कुछ दूरी पर पहुंचा तो अचानक सामने पशु आ गया। पशु से बचाने के चक्कर में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में राजबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल में लेकर आए। यहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। रोहतक पीजीआई ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया। हादसे की सूचना पाकर बहल पुलिस भी दादरी पहुंची। जांच अधिकारी एसआई जगदीश ने बताया कि मृतक के छोटे भाई राजकुमार के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई अमल में लाई गई है।