चरखी दादरी शहर स्थित नगर परिषद कार्यालय में वीरवार को स्वनिधि भी स्वाभिमान भी पखवाड़ा के तहत शिविर आयोजित किया गया। इसमें शहर के 150 महिला व पुरुषों ने भाग लिया। बता दें कि शिविर में आठ योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी व कार्यकारी अधिकारी राजेश वर्मा की अध्यक्षता रही। उन्होंने महिलाओं और पुरुषों की फॉर्म जांचे और लोन संबंधी प्रक्रिया के लिए संबंधित बैंक प्रतिनिधि के पास भेजा। उन्होंने बताया कि शिविर का आयोजन प्रधानमंत्री योजनाओं का हर योग्य पात्र को लाभ पहुंचाने के लिए जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, मातृ शिशु योजना, जननी सुरक्षा योजना, मजदूर कॉपी आदि की जानकारी दी गई। साथ ही इच्छुक पात्रों को मौके पर ही 10 हजार से 50 हजार तक लोन दिया गया। स्वयं सहायता समूह से भी महिलाएं लोन के लिए पहुंची। बैंक प्रतिनिधियों ने दस्तावेज जांच कर उनकी लोन प्रक्रिया आगे बढ़ाई।