दादरी के गांव मिसरी से रेवाड़ी जिले के नया गांव में साले की शादी में जाने की तैयारी कर रहे आईटीबीपी जवान को शनिवार शाम को हार्ट अटैक आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। रविवार को दादरी के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतक करीब 42 वर्षीय नवीन गांव मिसरी का रहने वाला था और वर्तमान में छत्तीसगढ़ में आईटीबीपी में तैनात था। मृतक के परिजनों ने बताया कि नवीन वर्ष 2007 में आईटीबीपी में भर्ती हुआ था। वह बीते दो फरवरी को रेवाड़ी जिले के नया गांव निवासी अपने साले की शादी के लिए छुट्टी घर आया था। 21 फरवरी रात को बरात जानी थी जिसमें शामिल होने के लिए वह शनिवार शाम करीब सात बजे अपने घर पर तैयार हो रहा था। उसी दौरान उसे हार्ट अटैक आ गया और वह बेहोश होकर बैड पर गिर गया। कुछ देर बाद उसके पिता ने उसे देखा तो आसपास के लोगों की मदद से दादरी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बौंद कलां थाना पुलिस से जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल मनोज ने बताया कि मृतक के पिता विजय के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।