गांव बेरला निवासी पूर्व सैनिक अनिल का शनिवार को एक्सरे के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। शुक्रवार शाम को गन की सफाई करते समय सुनील को गोली लग गई थी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि मृतक सुनील वर्ष 2008 में सेना से रिटायर हुए थे और इसके बाद काफी दिनों तक यूपी में गनमैन रहे। अब वे राजस्थान के गंगानगर में गनमैन की नौकरी कर रहे थे और दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। शुक्रवार को अपनी पुरानी गन की सफाई करने लगे। जब गन की सफाई हुई तो चलाकर देख रहे थे। उसी दौरान गोली गन से निकली और उन्हें जा लगी। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर बाढड़ा थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया। शनिवार को मृतक के बेटे सुमित के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। मृतक को एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों बच्चे अविवाहित हैं। अब उनके जाने से घर में मुखिया का अभाव हो गया है और बच्चों के सिर से भी पिता का साया उठने से उनके सपनों को ठेस पहुंची है। बाढड़ा थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि मौके मुआयना किया गया है और बेटे सुमित के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। प्राथमिक जांच में गोली सफाई के दौरान लगी पाई गई है जबकि आगे की जांच जारी है।