बाढड़ा पंचायत विभाग कार्यालय में वीरवार को हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के सरपंच एसोसिएशन प्रधान कक्ष की चाबी देने से इंकार करने पर भाजपा विधायक उमेद पातुवास खफा हो गए और उन्होंने स्टाफ को बाहर निकालकर कार्यालय को ताला जड़ दिया। करीब ढाई बजे तक भी विधायक सरपंचों के साथ धरने पर डटे हुए हैं। हुआ यूं कि वीरवार दोपहर करीब एक बजे बाढड़ा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास बीडीपीओ कार्यालय पहुंचे।वहां पहुंचकर उन्होंने एसईपीओ से सरपंच एसोसिएशन प्रधान कक्ष की चाबी मांगी। एसईपीओ ने चाबी न होने की बात कही। इसके बाद विधायक ने बीडीपीओ को कॉल की और चाबी देने की बात कही। विधायक के अनुसार, बीडीपीओ ने चाबी देने से इंकार कर दिया। वहीं, पंचायत विभाग के अधिकारियों के इस व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की और उनका पारा हाई हो गया। इसके बाद विधायक ने कहा कि अगर मुझे यहां बैठने के लिए चाबी नहीं दी जा रही तो फिर कर्मचारियों को भी यहां नहीं बैठने दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने स्टाफ को बाहर निकाला ओर कार्यालय को ताल जड़कर गेट के पास ही धरना शुरू कर दिया।