मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पत्नी सुमन सैनी के साथ चंडीगढ़ स्थित अपने आवास संत कबीर कुटीर में लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाया। इस दौरान उन्होंने लोहड़ी एवं मकर संक्रांति के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूजा अर्चना कर लोहड़ी की अग्नि प्रज्वलित की और साथ ही हरियाणा वासियों के सुख और समृद्धि की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व एकता, समानता और समावेशिता को बढ़ावा देता है, क्योंकि समाज के सभी वर्गों के लोग समान उत्साह और भाईचारे की भावना के साथ इसे मनाते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली मौजूद रहे।