हरियाणा के एमएलए हॉस्टल में सुबह के नाश्ते में बुफे की शुरुआत की गई है। इससे विधायकों व परिजनों को उच्च क्वालिटी का खाना मिल सकेगा। इसका शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने किया। विधानसभा अध्यक्ष वीरवार सुबह सेक्टर तीन स्थित एमएलए हॉस्टल में पहुंचे, जहां उन्होंने बुफे की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कैंटीन में खाना खाने वालों से भोजन व्यवस्था के बारे में फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि जो भी सुधार की गुंजाइश हो, उसे लागू किया जा सके। उन्होंने कहा भोजन की गुणवत्ता व साफ सफाई कैंटीन की प्राथमिकता में शामिल होनी चाहिए। पिछले दिनों विधानसभा अध्यक्ष कल्याण ने हॉस्पिटैलिटी विभाग के अधिकारियों के साथ विधानसभा व एमएलए हॉस्टल की कैंटीन का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए थे।