हरियाणा के यमुनानगर के छप्पर थाना इलाके के भंभौल गांव में शनिवार देर फौजी की 34 वर्षीय पत्नी मोनिका की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। वह अपने कमरे में सो रही थीं। मां ने मृतका के जेठ के बेटे योगराज और उसके एक साथी सचिन पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने उन दोनों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को हिरासत में ले लिया है। मोनिका के पति जसबीर सेना में हवलदार हैं और इन दिनों जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। पति की गैरमौजूदगी में मोनिका अपने सात वर्षीय बेटे, मां और नानी के साथ मायके में रह रही थी। परिवार के सदस्यों का कहना है कि आरोपियों ने छत के रास्ते से घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।