फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat: शराब ठेकेदार के कार्यालय पर फायरिंग, नीरज बवाना गैंग के नाम पर मांगी रंगदारी

साल के अंतिम दिन बुधवार को पानीपत शहर एक बार फिर गोली की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। बेखौफ दो हमलावरों ने देशराज कॉलोनी में शाम करीब सवा पांच बजे शराब ठेकेदार इंद्रजीत उर्फ सोना के कार्यालय पर फायरिंग कर दी। हमलावर नीरज बवाना गैंग के नाम पर 10 लाख रुपये की रंगदारी की पर्ची फेंककर भाग गए। फायरिंग की वारदात के बाद आस-पास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी अपने कब्जे में ली है। जिसमें दोनों हमलावर फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। उधर, एसपी ने बताया कि जिसके कार्यालय पर फायरिंग हुई है वह भी हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। इंद्रजीत उर्फ सोना ने बताया कि वह शराब के ठेकेदार हैं। देशराज कॉलोनी में उनका कार्यालय है। वह बुधवार शाम को दूसरे कार्यालय पर बैठे थे। करीब साढ़े पांच बजे उन्हें पड़ोस की एक महिला ने सूचना दी कि उनके कार्यालय पर किसी ने फायरिंग की है। वह तुरंत ही अपने कार्यालय पर पहुंचे और आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। दो युवक उनके कार्यालय पर आए और पिस्तौल से चार राउंड फायर किए। आरोपी उनके कार्यालय में एक पर्ची भी फेंककर गए हैं। जिसमें नीरज बवाना गैंग के नाम से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। वारदात के बाद कॉलोनी में दहशत फैल गई। इंद्रजीत ने तुरंत ही इसकी सूचना डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस महकमे में भी खलबली मच गई। तहसील कैंप प्रभारी दीवान सिंह और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली। फुटेज में दो युवक नजर आए रहे हैं। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है। उधर, फायरिंग की घटना के बाद परिवार दहशत में है। इंद्रजीत ने बताया कि उनके ऊपर 2021 में भी कुछ युवकों ने हमला किया था। अब एक बार फिर हमला होने से पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से हमलावरों को गिरफ्तार करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें