तीन साल के मासूम बेटे शुभम सहित चार बच्चों को पानी में डुबोकर मौत के घाट उतारने वाली भावड़ गांव की पूनम के पति नवीन ने पत्नी के लिए भयानक सजा की मांग की है। पत्नी के इकबालिया जुर्म के बाद वीरवार को नवीन का दर्द फूट पड़ा। कहा, पूनम ने जैसे हमारे बच्चों को पानी में तड़पा-तड़पा कर मारा, उसे भी वैसी ही सजा मिलनी चाहिए। नवीन ने कहा, 12 जनवरी 2023 को जब पौने तीन साल के बेटे शुभम और 9 साल की भांजी इशिका की मौत हुई तो किसी को पूनम पर शक ही नहीं हुआ। जबसे पता चला है कि पूनम ने ही बच्चों को मारा तब से मेरी दुनिया ही उजड़ गई है। बेटे शुभम, भांजी इशिका व भतीजी विधि को जिस तरह पानी में तड़पाकर मारा गया है उसी तरह पूनम को भी सजा मिलनी चाहिए। नवीन ने बताया कि साल 2019 में पूनम से उसकी शादी हुई थी। पूनम कभी उसे मानसिक रोगी नहीं लगी। हालांकि, वह पहले बेटे की मौत के बाद अक्सर रूठकर मायके चली जाती थी। तब उसने कल्पना तक नहीं की थी कि वह इस हद तक जा सकती है। वह माता-पिता से छोटे-छोटे मुद्दों पर झगड़ा किया करती थी पर छोटे बेटे की देखभाल में हमेशा खुद को व्यस्त दिखाती थी।