पानीपत के थाना बापौली क्षेत्र के गढ़ी नवाब गांव में बुधवार को खेत में जुताई करने के गए किसान के बेटे की रोटावेटर से कुचलकर हत्या कर दी गई। रोटावेटर के नीचे आने से शरीर पर करीब 15 निशान लगे हैं। पिता का आरोप है वे खेत में पहुंचे तो कुछ युवक उसके बेटे को ट्रैक्टर से नीचे खींच रहे थे। पुलिस ने आजाद, सतीश व गौरव को नामजद कर उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल छानबीन की। गढ़ी नवाब गांव के राजकुमार ने बताया कि उनका बेटा मोहित (25) बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर से ट्रैक्टर रोटावेटर लेकर खेत में जुताई करने के लिए गया था। उनके जाने के कुछ देर बाद वह भी खेत में चला गया। वह खेत के पास पहुंचा तो देखा की कुछ युवक मोहित के साथ हाथापाई कर रहे हैं और उसे चलते ट्रैक्टर से नीचे खींच रहे हैं। जब उसने शोर मचाया तो आरोपियों ने मोहित को खींचकर रोटावेटर के नीचे धकेल दिया। रोटावेटर की चपेट में आने से मोहित की मौके पर ही मौत हो गई।