पूर्व उपमुख्यमंत्री चौटाला के जीजा देवेंद्र कादियान से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। आरोपी ने वाट्सएप कॉल और वॉयस रिकॉर्डिंग पर रंगदारी मांगी है और खुद को अमित भाऊ गैंग का सदस्य बताया है। आराेपी ने उनके बच्चों व फार्म हाउस पर हमला करने की धमकी दी है। देवेंद्र कादियान पूर्व स्पीकर एवं इफ्को के पूर्व चेयरमैन सतबीर कादियान के पुत्र हैं और अब जजपा में राष्ट्रीय महासचिव हैं। पूर्व डीजीपी के आदेश पर पुलिस ने देवेंद्र कादियान समेत जजपा के पांच नेताओं की सुरक्षा वापस ले ली थी। थाना चांदनी बाग पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच सीआईए को दी गई है। देवेंद्र कादियान ने सुरक्षा न मिलने पर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी दी है। सेक्टर-11 के देवेंद्र कादियान ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वे 18 मार्च की देर रात को एक शादी समारोह में गए थे। उनके वाट्सएप पर विदेशी नंबर से कॉल आई। उसने खुद को अमित भाऊ गैंग का सदस्य बताया और पांच करोड़ रुपये का प्रबंध करने की बात कही। उनको इसी नंबर पर फोन करने और पैसे न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।