भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में कर्मचारी संगठन सम्बद्ध सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर कर्मचारियों ने भोजनावकाश के दौरान एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया और गेट मीटिंग आयोजित की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बोर्ड प्रशासन पर तानाशाही और मनमानी के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वर्तमान प्रशासन नकारात्मक प्रवृत्ति के लोगों के प्रभाव में आकर अनावश्यक बदलावों के नाम पर कर्मचारियों को बेवजह प्रताड़ित कर रहा है। प्रशासन कर्मचारियों में भय का माहौल बनाकर अपने मंसूबे पूरे करना चाहता है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नेताओं का आरोप है कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा एचटेट-2025 के आयोजन में पुरानी स्थापित पद्धति को दरकिनार कर मनमानी की गई, जिससे बोर्ड की साख और छवि धूमिल हुई है। संगठन ने मांग की है कि बोर्ड प्रशासन समय रहते प्रेस वार्ता कर स्थिति का खंडन करे और परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराए। चेतावनी दी गई कि यदि हिसाब नहीं मिला, तो आंदोलन को सड़क से लेकर अदालत तक ले जाया जाएगा। संघ के प्रधान सत्यवीर स्वामी ने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया, तो जिला व प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विरोध स्वरूप अगले दिन भी द्वार सभा आयोजित की जाएगी।