अपनी नई कार्यकारिणी के गठन के बाद हरियाणा कांग्रेस सक्रिय होती नजर आ रही है। इसी के चलते कांग्रेस पार्टी के जिला भर के नए पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ मिल वीरवार को भिवानी लघु सचिवालय के बाहर मनरेगा की बहाली तथा मजदूरों को रोजगार की गारंटी दिए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति व राज्यपाल को जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। धरने के अगुवाई कर रहे भिवानी के ग्रामीण जिला प्रधान अनिरूद्ध चौधरी व शहरी जिला प्रधान प्रदीप गुलिया ने बताया कि उनका यह एक दिवसीय प्रदर्शन एक फरवरी से 6 फरवरी तक प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर आयोजित किया जा रहा है। उनकी मांग है कि मनरेगा को फिर से बहाल किया जाए तथा मजदूरों को रोजगार की गारंटी दी जाए। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि वर्तमान में जो मनरेगा का प्रारूत बदला है, उसमें 125 दिन रोजगार दिए जाने की बात कही जाती है, जबकि रोजगार की गारंटी एक दिन की भी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि 200 दिन रोजगार की गारंटी दी जाए तथा पंचायतों के अधिकारों में बढ़ोत्तरी की जाए तथा मजदूरों का जो बकाया पैसाा है वह भी उनके खातों में डलवाया जाए। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत प्रदेश का 40 प्रतिशत हिस्सा किया गया है। प्रदेश कर्ज में डूबे हुए है तथा 40 प्रतिशत हिस्सा देने के बाद ही नए कानून के तहत केंद्र अपना 60 प्रतिशत हिस्सा मजदूरों को नए जी राम जी योजना के तहत देगा। ऐसे में राज्य का शेयर ना दिए जाने पर केंद्र का शेयर भी रूक जाएगा तथा मजदूरों को रोजगार नहीं मिल पाएगा।