इस साल मानसून के दौरान हुई ज्यादा बारिश से अनेक स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी तोशाम-भिवानी सड़क का नवीनीकरण 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। योजना के तहत भिवानी से बापोड़ा तक सड़क की मौजूदा सात मीटर चौड़ाई को बढ़ाकर दस मीटर की जाएगी। जबकि बापोड़ा से तोशाम तक संपूर्ण मार्ग का नवीनीकरण किया जाएगा। बापोड़ा तक छोटे वाहनों की अधिकता और मार्ग की व्यस्तता को ध्यान में रखते हुए इस हिस्से को तीन मीटर चौड़ा किया जा रहा है। दरअसल, मानसून के समय भिवानी तोशाम मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क किनारों से धंस गई। वहीं, इस मार्ग से तोशाम होते हुए हिसार व भवन निर्माण सामग्री के लिए तोशाम क्षेत्र में प्रतिदिन इस मार्ग से करीब बीस हजार वाहनों का आवागमन होता है। वहीं, प्रतिदिन इस मार्ग से ग्रामीण क्षेत्रों से अनेक दोपहिया वाहन चालक भिवानी जाते है। ऐसे में मार्ग की चौड़ाई सिर्फ सात मीटर होने के कारण भारी वाहनों के कारण छोटे वाहनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही, सड़क पानी के कारण क्षतिग्रस्त होने के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। जिसे देखते हुए इस मार्ग का नवीनीकरण किया जा रहा है। जिससे प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले अनेक वाहन चालकों सहित 12 गावों के लोगों को फायदा होगा। फिलहाल सड़क मार्ग को उखाड़ने का कार्य किया जा रहा है।