प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत पथ विक्रेताओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से लोहारू में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। मेला नगरपालिका लोहारू के प्रधान प्रदीप बंटी तायल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। मेले का संचालन राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) शाखा की शहरी वित्तीय विशेषज्ञ डॉ. रश्मि शर्मा तथा जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक राजन के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका लोहारू के सचिव तेजपाल तंवर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर पथ विक्रेताओं को पीएम स्वनिधि योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। योजना का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उन्हें औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना तथा उनके कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए आसान ऋण सुविधा उपलब्ध करवाना है। वर्तमान में योजना के तहत पात्र पथ विक्रेताओं को क्रमशः 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक के ऋण की सुविधा उपलब्ध है।