लोहारू क्षेत्र के ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूह सदस्यों के लिए ऋण एवं प्रशिक्षण-संवाद शिविर का आयोजन गिगनाऊ में किया गया। कार्यक्रम में आरसेटी एवं महिला विकास निगम ने सहयोगी विभाग के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम के समग्र संचालन, विभागीय समन्वय तथा प्रशासनिक मार्गदर्शन में खंड कार्यक्रम प्रबंधक सोमबीर भारद्वाज की मुख्य भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में महिलाओं को एक ही मंच पर प्रशिक्षण, संवाद, बैंक लिंकेज एवं ऋण सुविधा उपलब्ध कराई गई। सिलाई प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर आरसेटी से रजनीश बाबल द्वारा उद्यमिता विकास, स्वरोज़गार प्रशिक्षण एवं ऋण आवेदन प्रक्रिया पर जानकारी दी गई, जबकि महिला विकास निगम से प्रदीप कुमार ने महिला-केंद्रित ऋण योजनाओं, सब्सिडी एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। सशक्तिकरण, वित्तीय साक्षरता एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित दिशा-निर्देश साझा किए गए।