भिवानी। शहर के सेक्टर-21 स्थित प्लॉट नंबर-29 में सोमवार सुबह पॉलिथीन बनाने वाली फैक्टरी में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए दो अन्य गाड़ियां भी बुलानी पड़ीं। तीन गाड़ियों की मदद से करीब 20 से 25 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। जिला अग्निशमन विभाग के अधिकारी रमन कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8 बजकर 6 मिनट पर फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। आग फैक्ट्री की एक मशीन में लगी थी, जिससे मशीन जल गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पाने से पॉलिथीन बनाने में इस्तेमाल होने वाला लाखों रुपये का रॉ-मटेरियल और अन्य मशीनें जलने से बच गईं। रमन कुमार के अनुसार, आग लगने का संभावित कारण मशीन में इलेक्ट्रिक फॉल्ट या अधिक गर्मी होना माना जा रहा है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। अग्निशमन विभाग की तत्परता से फैक्टरी में बड़ा नुकसान होने से बच गया। संवाद