भिवानी। गांव दिनोद में रवि हत्याकांड में सदर पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी ने पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा किया कि पुरानी रंजिश के चलते उसने सुनियोति तरीके से फोन कर रवि को पहले खेत में बुलाया फिर साथियों संग मिलकर कमरे में बंधक बनाकर उसकी डंडों से बेरहमी से पिटाई की। अधमरी हालत में उसे बाहर फेंक दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है वहीं पुलिस वारदात में प्रयुक्त अन्य तथ्यों को भी खंगालने में जुटी है। थाना सदर पुलिस ने गांव दिनोद निवासी रवि की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपक तथा अफरीदी गांव दिनोद के रहने वाले है। गांव दिनोद निवासी जनेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 6 जुलाई को आरोपी दीपक ने उसके बेटे रवि को फोन कर अपने खेत में बुलाया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दीपक और उसके अन्य साथियों ने रवि के साथ डंडों से मारपीट की। कुछ समय बाद शिकायतकर्ता को उसके भाई ने सूचना दी कि रवि घायल अवस्था में दीपक के खेत में पड़ा हुआ है। इसके बाद परिजन रवि को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भिवानी लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान दिनांक 7 जुलाई को रवि की मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना सदर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर भिवानी के उपनिरीक्षक सतपाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों दीपक और अफरीदी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी अफरीदी को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए, जबकि मुख्य आरोपी दीपक का एक दिन का पुलिस रिमांड पुलिस को सौंप दिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी दीपक ने बताया कि उसने पुरानी रंजिश के चलते रवि को फोन कर अपने खेत में बुलाया था। वहां उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर डंडों से मारपीट की। घटना के दौरान खेत की ओर किसी व्यक्ति को आता देख सभी आरोपी घायल रवि को खेत में छोड़कर मौके से भाग गए थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी दीपक खेती-बाड़ी का कार्य करता है, जबकि आरोपी अफरीदी वेल्डिंग की दुकान चलाता है। पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी से घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों, वारदात में प्रयुक्त तथ्यों तथा मामले के अन्य पहलुओं के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। संवाद